- मुंबई। महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों को राहत देने के लिए मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास ने 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है। न्यास की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सहायता राशि का चेक सौंपा गया। इस अवसर पर न्यास के अध्यक्ष सदानंद सरवणकर, कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

न्यास की प्रबंधन समिति ने सामाजिक दायित्व के तहत यह निर्णय लिया है। राज्य के कई हिस्सों में कम बारिश से खरीफ फसलों को नुकसान पहुंचा है। विशेष रूप से मराठवाड़ा और विदर्भ में सोयाबीन तथा कपास की फसल खराब होने से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कई इलाकों में पशुओं के चारे और पीने के पानी की समस्या भी गंभीर है।
न्यास की इस सहायता से प्रभावित किसानों तक राहत पहुंचाने में राज्य सरकार को मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए न्यास ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये दिए थे।
