- मुंबई । कोलकाता से मुंबई आने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान को बुधवार, 11 नवंबर को हाईजैक करने की धमकी मिलने से कोलकाता हवाई अड्डे पर सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। विमान के शौचालय के शीशे पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद एहतियातन सभी यात्रियों को नीचे उतार लिया गया। इसके बाद विमान को मुख्य पार्किंग क्षेत्र से हटाकर आइसोलेशन बे में खड़ा कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, विमान को सुबह 10:20 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी। इसी दौरान शौचालय के शीशे पर लिखा संदेश सामने आया, जिसमें सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। कोलकाता हवाई अड्डे के निदेशक विक्रम सिंह ने इसकी पुष्टि की। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना दी, जिसके बाद निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
मौके पर पहुंचे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की सघन तलाशी शुरू की। यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद विमान के प्रत्येक हिस्से की जांच की जा रही है।
इस बीच, धमकी लिखने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए यात्रियों की सूची और हवाई अड्डे के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी वास्तविक थी या किसी ने शरारत के इरादे से ऐसा किया। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही विमान के मुंबई रवाना होने पर फैसला लिया जाएगा।
