- नैनीताल। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धा के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था का भी नया रिकॉर्ड बना। तमाम प्राकृतिक और मौसमी चुनौतियों के बावजूद 19 लाख 22 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे। यात्रियों की इस रिकॉर्ड संख्या ने स्थानीय कारोबार को नई गति दी और हजारों लोगों के लिए रोजगार तथा आय के अवसर पैदा किए। यात्रा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में 250 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।

22 अप्रैल को मंदिर के कपाट खुलने के साथ यात्रा शुरू हुई थी। पहले ही दिन 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। शुरुआती डेढ़ महीने तक प्रतिदिन औसतन 20 से 25 हजार यात्री धाम पहुंचते रहे। हालांकि, बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के कारण कई बार यात्रा बाधित हुई, लेकिन अक्टूबर में श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर बढ़ गई।
- घोड़ा-खच्चर और पालकी से करोड़ों की कमाई
यात्रा से स्थानीय स्तर पर सबसे अधिक लाभ परिवहन और तीर्थाटन से जुड़े व्यवसायों को मिला। इस वर्ष करीब आठ हजार घोड़े-खच्चरों का पंजीकरण हुआ। इनके माध्यम से चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा की। इस व्यवसाय से लगभग 100 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वहीं, डंडी-कंडी और पालकी सेवाओं से 46.32 करोड़ रुपये की आय हुई। जिला पंचायत को लाइसेंस, टोकन और अन्य शुल्कों से 3.44 करोड़ रुपये मिले।

- हेली सेवा से भी 100 करोड़ का कारोबार
केदारनाथ के लिए आठ स्थानों से हेलीकॉप्टर सेवाएं संचालित की गईं। इनके जरिए एक लाख 25 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे और लगभग 100 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच चलने वाली शटल सेवा ने भी करीब 15 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया। इसके लिए 200 से अधिक वाहनों का पंजीकरण किया गया था।
- हर साल बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2024 में 16.52 लाख और 2025 में 17.68 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे। इस वर्ष यह आंकड़ा 19.22 लाख के पार पहुंच गया। इससे होटल, दुकान और स्थानीय परिवहन कारोबारियों को भी फायदा हुआ। बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अनुसार, आने वाले वर्षों में यात्रा को और बेहतर सुविधाओं के साथ संचालित करने के प्रयास किए जाएंगे।
