- मुंबई । देर रात तक पटाखे फोड़कर दूसरों की नींद और सुकून छीनने वालों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई हो सकती है। त्योहार के नाम पर मनमानी करने वालों को ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करना अनिवार्य है। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध है। ऐसे में यदि आपके पड़ोस में कोई व्यक्ति देर रात तक आतिशबाजी कर रहा है, तो आप पुलिस से शिकायत कर सकते हैं।

दिवाली के दौरान आतिशबाजी आम बात है, लेकिन त्योहार बीतने के बाद भी कई इलाकों में देर रात तक पटाखे फोड़े जाते हैं। इनके तेज धमाकों से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को परेशानी होती है। साथ ही ध्वनि और वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता है। इसी समस्या को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पटाखों के इस्तेमाल को लेकर समय और ध्वनि सीमा निर्धारित की है।
- 112 पर फोन कर दें सूचना
यदि कोई व्यक्ति निर्धारित समय के बाद पटाखे फोड़ रहा है, तो इसकी सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी जा सकती है। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत में घटनास्थल का पूरा पता, पटाखे फोड़ने का समय और घटना की अवधि बताना जरूरी है। संभव हो तो सुरक्षित दूरी से वीडियो या ऑडियो रिकॉर्डिंग भी रख सकते हैं।
शिकायतकर्ता अपनी पहचान गोपनीय रखने का अनुरोध भी कर सकता है। ध्वनि प्रदूषण की आधिकारिक पुष्टि के लिए संबंधित विभाग के अधिकृत उपकरणों से मापी गई आवाज को आधार बनाया जाता है।
- नियम तोड़ने पर हो सकती है जेल
पटाखों से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने के साथ जेल की कार्रवाई भी हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर जैसे क्षेत्रों में प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल पर छह महीने तक की जेल और 200 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान बताया गया है। वहीं, बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री या भंडारण करने पर तीन साल तक की जेल और 5,000 रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
हालांकि, दंड का प्रावधान अपराध की प्रकृति और संबंधित क्षेत्र में लागू नियमों के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। इसलिए देर रात पटाखे फोड़ने की शिकायत मिलने पर पुलिस और प्रशासन मामले की परिस्थितियों के आधार पर कार्रवाई करते हैं।
त्योहार की खुशियां मनाने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी की सेहत, नींद और शांति की कीमत पर नहीं। आतिशबाजी करते समय निर्धारित समय और ध्वनि सीमा का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
