- मुंबई। महाराष्ट्र की मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए अक्टूबर की किस्त को लेकर हलचल तेज हो गई है। दिवाली बीतने के बाद भी महिलाओं के बैंक खातों में 1,500 रुपये की राशि नहीं पहुंची है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य सरकार 25 नवंबर तक अक्टूबर महीने की किस्त जारी कर सकती है। हालांकि, इस तारीख को लेकर अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। सितंबर महीने की किस्त सरकार ने दिवाली से पहले जारी कर दी थी, लेकिन अक्टूबर की राशि अब तक लंबित है। त्योहार के दौरान महिलाओं को उम्मीद थी कि सरकार सितंबर और अक्टूबर की दोनों किस्तें मिलाकर 3,000 रुपये देगी। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ।
- कैबिनेट बैठक पर टिकी नजरें
अक्टूबर की किस्त जारी करने को लेकर अब राज्य मंत्रिमंडल की आगामी बैठक से उम्मीदें जुड़ी हैं। बताया जा रहा है कि बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया जा सकता है। यदि सरकार की ओर से मंजूरी मिल जाती है, तो 25 नवंबर तक लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,500 रुपये जमा होने की संभावना है।
- दिसंबर में दो किस्तें मिलने की चर्चा
लाभार्थी महिलाओं के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि अक्टूबर की किस्त नवंबर में जारी नहीं होती है, तो क्या दिसंबर में अक्टूबर और नवंबर की कुल 3,000 रुपये की राशि एक साथ मिलेगी? फिलहाल इस बारे में सरकार ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
इस योजना से जुड़ी महिलाओं को अब सरकार की अगली घोषणा का इंतजार है। जब तक आधिकारिक निर्णय नहीं होता, तब तक 25 नवंबर को किस्त मिलने की खबर को संभावित जानकारी के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
