- सूर्यकांत उपाध्याय

एक बार एक महिला भगवान से नाराज थी। उसके बेटे की शादी को दस वर्ष बीत चुके थे, लेकिन घर में संतान नहीं हुई थी। दीपावली नजदीक थी और नगर में लोग अपने घरों की रंगाई-पुताई कर रहे थे। वह महिला भी आंगन की दीवार पर रंग पोत रही थी। इसी दौरान संत माधवदास भिक्षा मांगने उसके दरवाजे पर पहुंचे।
महिला पहले से ही क्रोध में थी। उसने आव देखा न ताव और रंग लगाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा कपड़े का पोता संत की छाती पर दे मारा। पोता जमीन पर गिर गया। संत ने उसे उठाया, माथे से लगाया और अपने झोले में रखकर वहां से चले गए।
आश्रम पहुंचकर संत ने उस पोते को अच्छी तरह धोया, सुखाया और उसके धागे अलग कर उनसे दीपक जलाने के लिए बत्तियां बना लीं। वे प्रतिदिन उन्हीं बत्तियों से भगवान की पूजा करने लगे।
समय बीतता गया। दसवें महीने उस महिला के घर पुत्र का जन्म हुआ। यह समाचार सुनकर संत की कृपा और महिमा का स्मरण हुआ।
विचार कीजिए, जिस महिला ने क्रोध में संत का अपमान करते हुए कपड़े का पोता उन पर फेंका था, संत ने उसी को आशीर्वाद का माध्यम बना दिया। उसके अपमान को भी उन्होंने सहजता से स्वीकार कर लिया और अपनी साधना में लगा दिया।
इस प्रसंग से सीख मिलती है कि संतों का हृदय करुणा और क्षमा से भरा होता है। वे अपमान में भी किसी का बुरा नहीं सोचते। उनके संपर्क में आने वाली छोटी-सी वस्तु भी सेवा और साधना का माध्यम बन जाती है।
जब कपड़े का एक पोता संत का सान्निध्य पाकर भगवान की पूजा में शामिल हो सकता है, तो मनुष्य सत्संग और सद्भाव के माध्यम से ईश्वर के करीब क्यों नहीं पहुंच सकता? इसलिए संतों का सम्मान करें और उनके सान्निध्य का लाभ उठाएं।
