- मुंबई । स्वच्छता के मामले में नवी मुंबई ने देशभर के शहरों को पीछे छोड़ते हुए एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की सुपर स्वच्छ लीग रैंकिंग में नवी मुंबई को देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। गुजरात का सूरत दूसरे और आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहा। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नवी मुंबई को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। महापौर सुजाता पाटील ने उपमहापौर दशरथ भगत, मनपा आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे और शहर अभियंता शिरीष आरदवाड की मौजूदगी में पुरस्कार ग्रहण किया।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित सर्वेक्षण में देशभर के शहरों का स्वच्छता के विभिन्न मानकों पर आकलन किया गया। दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ग्रेटर विशाखापत्तनम पहले, जबलपुर दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, तीन से दस लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन ने पहला, चंडीगढ़ ने दूसरा और गुंटूर ने तीसरा स्थान हासिल किया।
अन्य श्रेणियों में मध्य प्रदेश के रीवा को सबसे स्वच्छ नदी किनारे का शहर, उत्तराखंड के रुद्रपुर को सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर और ओडिशा के पुरी को सबसे स्वच्छ तटीय शहर का सम्मान मिला।

नवी मुंबई की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है कि शहर लगातार दस वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता पुरस्कार हासिल कर रहा है। इस सफलता का श्रेय मनपा के सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले नागरिकों को दिया गया है।
