- सूर्यकांत उपाध्याय

एक नौजवान चीता पहली बार शिकार करने निकला। कुछ दूर पहुंचा ही था कि एक लकड़बग्घे ने उसे रोककर पूछा, ‘अरे छोटू, कहां जा रहे हो?’
चीते ने उत्साह से कहा, ‘आज पहली बार खुद शिकार करने निकला हूं।’
यह सुनकर लकड़बग्घा हंसने लगा। बोला, ‘अभी तो तुम्हारे खेलने-कूदने के दिन हैं। तुम इतने छोटे हो, तुम्हें शिकार का कोई अनुभव भी नहीं है। तुम क्या शिकार करोगे!’
उसकी बातें सुनकर चीता निराश हो गया। पूरे दिन उसने बेमन से शिकार करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुआ। आखिरकार उसे भूखे पेट ही लौटना पड़ा।
अगली सुबह वह फिर शिकार के लिए निकला। रास्ते में एक बूढ़े बंदर ने उसे देखा और पूछा, ‘कहां जा रहे हो बेटा?’
चीते ने बताया, ‘बंदर मामा, शिकार करने जा रहा हूं।’
बंदर ने उत्साह बढ़ाते हुए कहा, ‘बहुत अच्छी बात है! तुम्हारी ताकत और तेज गति तुम्हें एक बेहतरीन शिकारी बना सकती है। जाओ, तुम्हें जरूर सफलता मिलेगी।’
बंदर की बातें सुनकर चीते में नया उत्साह भर गया। वह पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा और कुछ ही समय में एक छोटे हिरन का शिकार करने में सफल हो गया।
- शिक्षा
इस कहानी से हमें समझना चाहिए कि शब्दों में किसी का मनोबल तोड़ने और आत्मविश्वास जगाने, दोनों की ताकत होती है। दोनों दिन चीता वही था। उसकी ताकत, गति और क्षमता में कोई अंतर नहीं आया था। अंतर सिर्फ उन शब्दों का था, जो उसने पहले दिन लकड़बग्घे से और दूसरे दिन बंदर से सुने थे।
इसलिए पहली सीख यह है कि हमें अपने शब्दों से दूसरों का हौसला बढ़ाना चाहिए, निराश नहीं करना चाहिए। किसी की कमियां बताना जरूरी हो सकता है, लेकिन ऐसा करते समय उसके आत्मविश्वास को चोट नहीं पहुंचनी चाहिए।
दूसरी सीख यह है कि नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों से दूरी बनाएं और सकारात्मक दृष्टिकोण वाले लोगों का साथ चुनें।
तीसरी और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम स्वयं से कैसी बातें करते हैं, इस पर ध्यान दें। हमारी आत्मचर्चा यानी सेल्फ टॉक हमारे विचारों और व्यवहार को प्रभावित करती है। सकारात्मक शब्द आत्मविश्वास जगाते हैं और सफलता की राह आसान बनाते हैं।
याद रखिए, शब्द केवल आवाज नहीं होते, वे विचारों का रूप लेते हैं और विचार ही धीरे-धीरे हमारे जीवन की दिशा तय करते हैं। इसलिए शब्दों की ताकत पहचानिए और उनका इस्तेमाल किसी का हौसला बढ़ाने के लिए कीजिए।
