
• मुंबई । तकनीक का इस्तेमाल अगर मानवीय संवेदनाओं के साथ हो तो वह किसी की जिंदगी में खुशियां लौटा सकता है। महाराष्ट्र में इसका एक भावुक उदाहरण सामने आया है। ढाई साल से परिवार से बिछड़ी 45 वर्षीय महिला को आखिरकार अपनों का साथ मिल गया। इस पुनर्मिलन की कड़ी बना ChatGPT, जिसकी मदद से आश्रम के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महिला के गांव और परिवार का पता खोज निकाला।
परभणी जिले की रहने वाली जुलेखा मुकीद शेख 3 अप्रैल 2024 से सिंधुदुर्ग के पांडुर स्थित संविता आश्रम में रह रही थीं। मानसिक रूप से परेशान होने के कारण वह घर से भटक गई थीं। बाद में उन्हें आश्रम में आश्रय दिया गया। इस दौरान आश्रम प्रबंधन लगातार उनके परिजनों का पता लगाने की कोशिश करता रहा, लेकिन शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके।
जीवन आनंद संस्था के ट्रस्टी किसान चौरे और उनकी टीम ने महिला से बातचीत कर उनके गांव और परिवार से जुड़ी जानकारियां जुटाईं। इसके बाद गूगल सर्च और ChatGPT की मदद से उनके पैतृक गांव की पहचान की गई। परभणी की निर्भया पुलिस टीम के सहयोग से परिवार तक पहुंचने का रास्ता भी खुल गया।
ढाई साल के लंबे अंतराल के बाद जब जुलेखा की अपने परिवार से फोन पर बात हुई तो भावनात्मक माहौल बन गया। उनकी खबर मिलते ही पति मुकीद शेख उन्हें घर ले जाने के लिए आश्रम पहुंच गए। 9 नवंबर को वह पत्नी को अपने साथ परभणी ले गए।
इस तरह तकनीक, संवेदनशीलता और सामाजिक कार्यकर्ताओं की पहल ने एक बिछड़े परिवार को फिर से मिला दिया। यह घटना बताती है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता केवल सूचनाएं जुटाने का माध्यम नहीं, बल्कि जरूरत के समय मानवीय रिश्तों को जोड़ने में भी सहायक बन सकती है।
