
• मुंबई । आर के पब्लिकेशन की ओर से शनिवार, 14 नवंबर को खारघर स्थित ओएसिस क्लब हाउस, साई मन्नत सोसायटी में दीनानाथ साह और महेश चन्द्र जोशी द्वारा लिखित पुस्तक ‘प्रमुख उपनिषद’ का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर काव्य गोष्ठी का भी आयोजन हुआ, जिसमें साहित्यकारों और कवियों ने अपनी स्वरचित रचनाओं का पाठ किया।
समारोह की अध्यक्षता गर्वित भारत शोधकेन्द्र के अध्यक्ष विपुल सेन ने की। वरिष्ठ लेखक कामता प्रसाद पाण्डेय मुख्य अतिथि, सेवा सदन प्रसाद विशेष अतिथि तथा कवि पवन तिवारी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि उपनिषद भारतीय आध्यात्मिक और दार्शनिक चिंतन के महत्वपूर्ण आधार हैं। इन पर आधारित पुस्तकों का प्रकाशन भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। पुस्तक के माध्यम से उपनिषदों के विचारों और भारतीय दर्शन की समृद्ध विरासत को सरलता से समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन भावना ने किया। आर के पब्लिकेशन के निदेशक रामकुमार ने दोनों लेखकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में राकेश मणि त्रिपाठी के संचालन में काव्य गोष्ठी हुई। इसमें हुकुमचंद कोठारी, विश्वम्भर दयाल, लता तेजेश्वर, त्रिलोचन सिंह अरोरा, नंदलाल क्षितिज, प्रकाश झा, विनोद चतुर्वेदी, कामता प्रसाद पाण्डेय, पवन तिवारी, विपुल सेन, सेवा सदन और महेश जोशी ने अपनी कविताएं प्रस्तुत कीं।
इस अवसर पर आशुतोष जोशी, विनोद किल्ला, सुयश मोहन, विवेक साह, एमएम शर्मा, सृजित श्रीनिवासन, कोमल जोशी, रमेश बिंदल, राजन गोयल, अर्चना साह, अनीता गुप्ता, गीता जोशी और समीर सक्सेना सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
