- सूर्यकांत उपाध्याय

पुरानी घटना है। कलकत्ता के प्रसिद्ध चिकित्सक सर कैलासचन्द्र बसु की माता गंभीर रूप से बीमार थीं। एक रात जब उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई तो कैलास बाबू ने प्रेमपूर्वक पूछा, ‘मां! तुम्हारी कोई इच्छा हो तो बताओ, मैं उसे पूरा करने का प्रयास करूंगा।’
माता ने कुछ देर सोचने के बाद कहा, ‘बेटा! मैंने एक बार बम्बई के अंजीर खाए थे। मन है कि एक बार फिर मिल जाएं तो खा लूं।’
उन दिनों कलकत्ता में हरे अंजीर नहीं मिलते थे। बम्बई से रेल द्वारा मंगाने में कम से कम तीन दिन लगते थे। न टेलीफोन की सुविधा थी और न हवाई जहाज की। मां की गंभीर हालत देखते हुए कैलास बाबू निराश हो गए। वे सोचने लगे कि मां की अंतिम इच्छा भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
रात करीब ग्यारह बजे दरवाजे पर किसी ने आवाज दी। कैलास बाबू ने पहले आने से मना कर दिया, लेकिन बाहर खड़े व्यक्ति ने कहा कि वह बुलाने नहीं, कोई सामान देने आया है।
दरवाजा खुला तो एक दरवान अंजीरों से भरी टोकरी लेकर खड़ा था। उसने बताया कि उसके मालिक अभी बम्बई से आए हैं और सुबह रंगून रवाना होने वाले हैं। उन्होंने डॉक्टर साहब के लिए अंजीर भेजे हैं।
यह सुनकर कैलास बाबू की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। वे तत्काल अंजीर लेकर मां के पास पहुंचे और बोले, ‘मां! देखो, भगवान ने तुम्हारे लिए अंजीर भेज दिए हैं।’ मां के चेहरे पर प्रसन्नता देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
दरअसल, कलकत्ता और रंगून में कारोबार करने वाले एक गुजराती सज्जन कैलास बाबू के परिचित थे। वे चार दिन पहले ही बम्बई से अंजीर लेकर आए थे। संयोग ऐसा बना कि जिस रात मां ने अंजीर खाने की इच्छा जताई, उसी रात वे अंजीर उनके घर पहुंच गए।
- शिक्षा : ईश्वर की व्यवस्था अद्भुत है। वह किसी की इच्छा पूरी करने के लिए किसी न किसी व्यक्ति को माध्यम बना ही देता है। इसलिए जब भी हमें किसी की सहायता करने का अवसर मिले, अहंकार नहीं करना चाहिए। यह समझना चाहिए कि परमात्मा ने हमें किसी के कल्याण का निमित्त बनाया है। हम सभी उसके विधान और दृष्टि के दायरे में हैं।
