- केरल में है दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा

• तिरुअनंतपुरम। रामायण पर आधारित फिल्म ‘रामायण: पार्ट-1’ के चलते महाकाव्य के कई पात्र एक बार फिर चर्चा में हैं। इनमें जटायु भी शामिल हैं, जिन्होंने माता सीता की रक्षा के लिए रावण से युद्ध किया था। फिल्म की लोकप्रियता के बीच केरल के कोल्लम जिले का चदयामंगलम गांव भी सुर्खियों में है। यहां स्थित जटायु अर्थ सेंटर में दुनिया की सबसे बड़ी पक्षी प्रतिमा स्थापित है। केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने लोगों से इस स्थल पर आने की अपील करते हुए इसे धार्मिक पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया है।
जटायु अर्थ सेंटर की विशाल प्रतिमा 200 फुट लंबी, 150 फुट चौड़ी और 70 फुट ऊंची है। मूर्तिकार राजीव आंचल ने इसका निर्माण किया है। वर्ष 2018 में पर्यटकों के लिए खोले गए इस केंद्र में जटायु की कथा पर आधारित संग्रहालय और दृश्य-श्रव्य दीर्घा भी है। यहां रोपवे के अलावा करीब 900 सीढ़ियां चढ़कर पहुंचा जा सकता है। पर्यटकों के लिए रॉक क्लाइंबिंग, जिपलाइनिंग और रैपलिंग जैसी गतिविधियां भी उपलब्ध हैं।
रामायण के अनुसार, रावण जब सीता का अपहरण कर लंका ले जा रहा था, तब जटायु ने उसे रोकने के लिए युद्ध किया। रावण ने उनके पंख काट दिए और वे घायल होकर धरती पर गिर पड़े। बाद में भगवान राम और लक्ष्मण को उन्होंने सीता के अपहरण की जानकारी दी। मान्यता है कि केरल के चदयामंगलम स्थित जटायुपारा वही स्थान है, जहां जटायु गिरे थे।
हालांकि, जटायु से जुड़ी मान्यताएं केवल केरल तक सीमित नहीं हैं। आंध्र प्रदेश के लेपाक्षी में माना जाता है कि भगवान राम ने घायल जटायु को उठने के लिए कहा था। तमिलनाडु के तिरुपुटकुझी और तिरुपुल्लभूतंगुडी में उनके अंतिम संस्कार और मोक्ष से जुड़ी परंपराएं प्रचलित हैं। महाराष्ट्र के नासिक के निकट टाकेद गांव में भी जटायु मंदिर और सर्वतीर्थ जलाशय है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, यहीं घायल जटायु को भगवान राम मिले थे।
