
- मुंबई। दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर चैत्यभूमि करने की चर्चाओं पर अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। राज्य सरकार की योजना दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की नहीं, बल्कि दादर मेट्रो स्टेशन को ‘चैत्यभूमि’ नाम देने की है। इस स्पष्टीकरण के बाद नामकरण को लेकर बना भ्रम दूर हो गया है।
दरअसल, महाराष्ट्र सरकार के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में दादर रेलवे स्टेशन का उल्लेख होने से नाम बदलने की चर्चा शुरू हुई थी। हालांकि, अब स्पष्ट किया गया है कि प्रस्ताव मेट्रो स्टेशन के नामकरण से जुड़ा है। इसके लिए केंद्र सरकार की मंजूरी ली जाएगी।

डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस (6 दिसंबर) की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी इस विषय पर चर्चा हुई थी। राज्य में मेट्रो स्टेशनों के नामकरण और पुनर्नामकरण के लिए गठित समिति इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी।
प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद दादर मेट्रो स्टेशन को चैत्यभूमि के नाम से नई पहचान मिल सकती है। हालांकि, दादर रेलवे स्टेशन का मौजूदा नाम पहले की तरह बरकरार रहेगा।
