- मुंबई। मुंबईकरों को जल्द ही परिवहन का नया विकल्प वाटर मेट्रो के रूप में मिल सकता है। मुंबई वाटर मेट्रो परियोजना के पहले चरण के काम को गति देने के लिए महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड (एमएमबी) ने प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और पर्यावरण सलाहकारों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इससे परियोजना के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो गया है।

बंदरगाह विभाग के मंत्री नीतेश राणे की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया। परियोजना के प्रबंधन, डिजाइन, खरीद संबंधी सहायता और निगरानी के लिए टीआईएसए इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तथा रीना कंसल्टिंग एसपीए के संयुक्त उपक्रम को सर्वाधिक अंक हासिल करने वाला बोलीदाता घोषित करते हुए चुना गया है।
वहीं, पर्यावरण सलाहकार के रूप में बिल्डिंग एनवायरनमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का चयन किया गया है।
महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड इस परियोजना को लागू कर रहा है। वाटर मेट्रो शुरू होने से मुंबई से नवी मुंबई, रायगढ़, ठाणे और पालघर सहित आसपास के क्षेत्रों के बीच जलमार्ग से आवागमन की सुविधा विकसित होगी। इससे सड़क और रेल परिवहन पर दबाव कम करने के साथ यात्रियों को एक नया और सुविधाजनक विकल्प मिलने की उम्मीद है।
