
मुंबई।
महाराष्ट्र सरकार ने युवाओं को बड़ी राहत देते हुए 15,631 पुलिस और जेल कांस्टेबल पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इसमें पुलिस कांस्टेबल, ड्राइवर, बैंड्समेन, सशस्त्र पुलिस कांस्टेबल और जेल कांस्टेबल शामिल होंगे।
आयु सीमा में खास छूट
इस भर्ती की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि 2022 और 2023 में अधिकतम आयु सीमा पार कर चुके उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे। राज्य सरकार ने विशेष छूट देते हुए यह नियम लागू किया है।
सभी पद होंगे सीधी भर्ती से
पहले नियम के अनुसार केवल 50 प्रतिशत पद ही सीधी भर्ती से भरे जाते थे, लेकिन इस बार सरकार ने यह प्रतिबंध हटा दिया है। पुलिस बल में तत्काल आवश्यकता को देखते हुए सभी पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया डिवीजन स्तर पर आयोजित होगी। उम्मीदवारों को ओएमआर आधारित लिखित परीक्षा देनी होगी। यह निर्णय न केवल पुलिस बल की कमी को पूरा करेगा बल्कि उन युवाओं के लिए भी बड़ा अवसर बनेगा जो आयु सीमा के कारण अब तक वंचित रह गए थे।