● विदेशी पिच पर खेलेंगे नई पारी

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली एक नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। गांगुली अब भारत में नहीं बल्कि विदेश में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे। उन्हें दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग एसए20 की टीम प्रीटोरिया कैपिटल्स का हेड कोच नियुक्त किया गया है। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा की।
दिल्ली कैपिटल्स के साथ गांगुली पहले भी लंबे समय तक जुड़े रहे हैं लेकिन वहां उन्होंने मेंटर की भूमिका निभाई थी। यह पहली बार होगा जब वे किसी टीम की सीधी कोचिंग करेंगे। खास बात यह है कि प्रीटोरिया कैपिटल्स भी दिल्ली कैपिटल्स की ही सहयोगी फ्रेंचाइजी है।
इससे पहले टीम की कमान इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जोनाथन ट्रॉट के हाथों में थी, जो अफगानिस्तान नेशनल टीम के कोच भी रह चुके हैं। गांगुली की नियुक्ति के साथ ही फ्रेंचाइजी ने ट्रॉट का धन्यवाद करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘प्रिंस अब कैपिटल्स कैंप में नया फ्लेवर लेकर आ रहे हैं। हमें सौरव गांगुली को हेड कोच बनाकर बेहद खुशी हो रही है।’