● ‘लायन्स क्वेस्ट पालक जागरूकता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के हित में योग्य पालकत्व’ पर विशेष उपक्रम

पनवेल।
लायन्स क्लब ऑफ पनवेल तथा लायन्स क्लब वाशी गोल्ड द्वारा डी. डी. विसपुते स्कूल, पनवेल में रोहित मेहता लायन्स सप्ताह अंतर्गत ‘लायन्स क्वेस्ट पालक जागरूकता व बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के हित में योग्य पालकत्व’ विषय पर विशेष उपक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और बच्चों के रिश्तों को अधिक मजबूत बनाना था। इसमें 700 से अधिक अभिभावक और 50 से अधिक शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दो प्रमुख उद्देश्य रहे, स्किल फॉर ग्रोइंग (SFG – कक्षा 1 से 4 तक) और स्किल फॉर अडोलसेंस (SFA – कक्षा 5 से 8 तक)। इन आयु वर्ग के बच्चों में आवश्यक कौशल विकसित करने हेतु यह पहल की गई। लायन्स क्वेस्ट के उद्देश्यों को वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों को स्वाध्याय पुस्तकें तथा अभिभावकों को मार्गदर्शन पुस्तिकाएँ उपलब्ध कराई गईं।

डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर लायन एस. जी. चव्हाण ने बच्चों के अभिभावकों की भूमिका पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन गायत्री साटम ने अभिभावकों और बच्चों के संबंधों को सुधारने पर प्रकाश डाला। लायन्स क्लब ऑफ पनवेल की अध्यक्षा सुरभि पेंडसे ने बच्चों में होने वाले शारीरिक और मानसिक परिवर्तनों पर नियंत्रण तथा पालक-बालक व्यवहार के महत्व को समझाया। लायन्स क्लब वाशी गोल्ड की श्रुति जैन ने बच्चों के गलत मार्ग की ओर आकर्षित होने के कारण बताए। डी. डी. विसपुते स्कूल की मुख्याध्यापिका आरेफा शेख ने संयुक्त और एकल परिवार के गुण-दोषों पर विस्तार से चर्चा की।

अल्प-किशोरावस्था के बच्चों के पालकों का एकत्रित होना आवश्यक है ताकि उनके सामान्य शंकाओं और विश्वासों पर चर्चा हो सके और उनके समाधान के अवसर सुदृढ़ हों। इसी उद्देश्य से ‘लायन्स क्वेस्ट’ उपक्रम चलाया जा रहा है।कार्यक्रम में लायन अलका चव्हाण, विद्यालय के सभी शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन स्कूल की कोऑर्डिनेटर अस्मिता ठाकुर ने किया।