● 5 सितंबर को देश भर के कुल 45 शिक्षकों को किया जाएगा पुरस्कृत

मुंबई।
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी है। इस वर्ष देशभर से कुल 45 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें महाराष्ट्र से तीन नाम विशेष रूप से शामिल हैं, मुंबई की सोनिया कपूर, लातूर जिले के डॉ. संदीपान जगदाले तथा नांदेड जिले के डॉ. शेख मोहम्मद वखिओदिन।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार में प्रत्येक चयनित शिक्षक को गुणवत्ता प्रमाणपत्र, 50 हजार रुपये नकद राशि और रजत पदक प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान समारोह 5 सितंबर 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी केंद्रीय शिक्षा विभाग के शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निदेशक भगवती प्रसाद कलाल ने दी।
मुंबई स्थित एटॉमिक एनर्जी स्कूल-2 में सोनिया कपूर शिक्षिका हैं। लातूर के दयानंद कॉलेज ऑफ आर्ट्स में डॉ. संदीपान जगदाले अध्यापन करते हैं जबकि नांदेड जिले के अर्धापूर स्थित जिला परिषद विद्यालय में डॉ. शेख मोहम्मद वखिओदिन अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर जिन 45 शिक्षकों का चयन हुआ है, उनमें बिहार के 3, तमिलनाडु के 2, मध्य प्रदेश के 2, गुजरात के 2, उत्तर प्रदेश के 2 शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली, राजस्थान, मणिपुर, सिक्किम, त्रिपुरा, असम, लक्षद्वीप, केरल, कर्नाटक और गोवा से एक-एक शिक्षक को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।