● क्रेजी बॉयज ग्रुप ने बनाई टिश्यू पेपर से गणपति मूर्ति

अरविंद तिवारी@मुंबई
दहिसर पूर्व स्थित शुक्ला कंपाउंड (गोकुल आनंद होटल के पास) गत 25 वर्षों से श्री गणेश मूर्ति की स्थापना की जा रही है। स्थानीय क्रेजी बॉयज ग्रुप की ओर से आयोजित इस गणेश उत्सव में समाज हित के कई कार्य किए जाते हैं। इस बार यहां एक नए विषय को लेकर गणपति की स्थापना की गई है। पृथ्वी को बचाने की चिंता और एक नेक सलाह देते हुए क्रेजी बॉयज ग्रुप ने अनोखे इको फ्रेंडली गणपति बाप्पा की स्थापना की है।
इको फ्रेंडली का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत करते हुए क्रेजी बॉयज ग्रुप ने इस वर्ष टिश्यू पेपर से बनी लगभग 6 फुट की गणपति मूर्ति की स्थापना की है। गणपति की मूर्ति इतनी हल्की है कि केवल दो लोग भी इसे बड़ी आसानी से उठा सकते हैं। इस मूर्ति का मंडप में ही विसर्जन कर दिया जाएगा और बचे हुए जल को वृक्ष आदि या किसी नदी में प्रवाहित कर दिया जाएगा। पर्यावरण संवर्द्धन का संदेश देती यह संकल्पना स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है।