● 21 सितंबर से शुरू होगी ‘वीकेंड मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्विस’

मुंबई।
मनपा ने विवाह पंजीकरण के लिए नई सुविधा शुरू की है। अब युगल शनिवार और रविवार को भी ‘वीकेंड मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्विस’ के तहत शादी दर्ज करा सकेंगे। वहीं सोमवार से शुक्रवार तक ‘फास्ट-ट्रैक मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्विस’ उपलब्ध रहेगी। दोनों ही सेवाओं में उसी दिन विवाह प्रमाणपत्र मिल जाएगा।
वीकेंड सेवा सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक रहेगी। इसके लिए नियमित शुल्क के साथ 2,500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। शनिवार को 13 और रविवार को 12 संभागीय कार्यालयों में यह सुविधा मिलेगी। फास्ट-ट्रैक सेवा कार्यदिवसों में उपलब्ध होगी, जिसमें प्रतिदिन 30 में से 6 पंजीकरण इस श्रेणी में होंगे। शुल्क वही रहेगा। दोनों सेवाएँ 21 सितंबर 2025 से शुरू होंगी लेकिन सार्वजनिक अवकाश पर उपलब्ध नहीं होंगी।
बता दें कि हर साल मनपा में 30 से 35 हजार विवाह पंजीकृत होते हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि नई सेवाओं से संख्या और बढ़ेगी तथा नौकरीपेशा और व्यस्त जोड़ों को बड़ी राहत मिलेगी।