
नई दिल्ली। आधार कार्ड से जुड़ी जानकारियों को अपडेट करने की प्रक्रिया अब और आसान होने जा रही है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) एक नया मोबाइल एप्लीकेशन तैयार कर रहा है, जिसके माध्यम से नागरिक अपने स्मार्टफोन से ही नाम, पता, जन्मतिथि और अन्य व्यक्तिगत जानकारी को ऑनलाइन अपडेट कर सकेंगे।
फिलहाल केंद्र जाना पड़ता है, मिलेगी राहत
अभी तक आधार से संबंधित बदलावों और सुधारों के लिए नागरिकों को नजदीकी आधार सेवा केंद्रों पर जाना पड़ता था। इसमें समय और श्रम दोनों लगते थे। लेकिन इस ऐप के शुरू होने के बाद लोगों को इन झंझटों से छुटकारा मिल जाएगा और अधिकांश सेवाएं घर बैठे डिजिटल रूप से उपलब्ध होंगी।
UIDAI के अनुसार नया ऐप एक सुव्यवस्थित और उपयोगकर्ता-अनुकूल डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा। इसमें सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे आधार जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया तेज़ और पारदर्शी बनेगी।
लॉन्च की तैयारी अंतिम चरण में
एप का विकास कार्य तेज़ी से जारी है और यह निर्धारित समयसीमा के अनुसार लगभग पूरा हो चुका है। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि यह एप्लीकेशन इसी वर्ष के अंत तक लॉन्च कर दिया जाएगा।
उपयोगकर्ताओं को मिलने वाले लाभ
- नाम, पता और जन्मतिथि जैसी व्यक्तिगत जानकारी को सीधे मोबाइल से अपडेट करने की सुविधा।
- आधार सेवा केंद्रों की अनिवार्यता से छुटकारा।
- समय और धन की बचत।
- डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आसान और सुरक्षित प्रक्रिया।