- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे उद्घाटन
- मुंबई को मिलने जा रही है पहली भूमिगत मेट्रो लाइन

मुंबई। मुंबईवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मेट्रो-3 का उद्घाटन 30 सितंबर को होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई मेट्रो 3 (एक्वा लाइन) कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। यह शहर की पहली भूमिगत मेट्रो लाइन होगी, जो आरे से कफ परेड तक 33.5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर दौड़ेगी। इस लाइन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर को जोड़ेगी और सड़क पर लगने वाले घंटों के ट्रैफिक को काफी हद तक कम करेगी।
अभी आरे से कफ परेड पहुंचने में सड़क मार्ग से 90 से 100 मिनट तक का समय लगता है, लेकिन मेट्रो-3 से यही यात्रा केवल 50 मिनट में पूरी होगी। यह लाइन शहर के कई अहम आवासीय, व्यावसायिक और धार्मिक केंद्रों को जोड़ेगी, जिनमें सीप्ज़, अंधेरी MIDC, एयरपोर्ट, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स, वर्ली, सिद्धिविनायक मंदिर, गिरगांव और कफ परेड जैसे इलाके शामिल हैं। इससे लाखों यात्रियों को रोजाना सुविधा और समय की बचत मिलेगी।
दूरी के हिसाब से किराया
महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने इस लाइन के लिए दूरी आधारित किराया प्रणाली लागू की है। सबसे छोटी यात्रा का किराया 10 रुपये और सबसे लंबी यात्रा का किराया अधिकतम 80 रुपये रखा गया है।

किराए की स्लैब इस प्रकार हैं:
0 से 3 किमी : ₹10
3 से 12 किमी : ₹20
12 से 18 किमी : ₹30
18 से 24 किमी : ₹40
24 से 30 किमी : ₹50
30 से 36 किमी : ₹60
42 किमी से अधिक (भविष्य की योजना हेतु) : ₹80
प्रमुख यात्राओं का खर्च
नए किराया ढांचे के अनुसार आरे से बीकेसी तक लगभग 20 किमी की यात्रा ₹40 में होगी। आरे से कफ परेड तक की पूरी 33.5 किमी की दूरी ₹60 में तय की जा सकेगी। वहीं कफ परेड से सिद्धिविनायक मंदिर तक 12 किमी की यात्रा मात्र ₹20 में पूरी होगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य रूट्स पर भी किराया किफायती रखा गया है। दादर से गिरगांव तक की 6–7 किमी की दूरी का खर्च ₹20 होगा, जबकि वर्ली से कफ परेड तक का किराया ₹30 रखा गया है। मरोल से कालबादेवी तक लगभग 22 किमी की यात्रा ₹40 में और नरिमन पॉइंट से एयरपोर्ट तक की लगभग 30 किमी की दूरी ₹50 में तय होगी।
