● नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के नए अध्यक्ष के रूप में दिल्ली के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास का चयन किया गया है। उन्होंने रॉजर बिन्नी की जगह ली है। रविवार, 28 सितंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुई बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (AGM) में उनके नाम पर सहमति बनी।

नई कार्यकारिणी में राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष और देवजीत सैकिया सचिव बने रहेंगे। प्रभतेज सिंह भाटिया को संयुक्त सचिव बनाया गया है जबकि ए. रघुराम भट नए कोषाध्यक्ष होंगे।
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (JKCA) द्वारा नामित मन्हास ने वहां प्रशासक के रूप में काम किया है। 1997-98 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट से डेब्यू करने वाले मन्हास ने भारत अंडर-19 और ए टीम का प्रतिनिधित्व किया। शानदार घरेलू रिकॉर्ड के बावजूद उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका नहीं मिला क्योंकि उस दौर में गांगुली, द्रविड़, लक्ष्मण और तेंदुलकर जैसे दिग्गज पहले से मौजूद थे।
