● नायगांव स्टेशन भवन निर्माण स्थल पर हादसा

मुंबई। नायगांव रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा टल गया। शटरिंग का काम कर रहे दो मजदूर अचानक संतुलन खोकर नीचे गिर पड़े। लेकिन मौके पर लगाए गए सुरक्षा जाल ने उनकी जान बचा ली। दोनों को केवल हल्की चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
यह घटना दोपहर करीब 1:35 बजे नायगांव स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में हुई, जहाँ बोरीवली और विरार के बीच पाँचवी और छठी लाइन का निर्माण कार्य मुंबई रेल विकास निगम (MRVC) द्वारा चलाया जा रहा है।
MRVC के प्रवक्ता के अनुसार, मजदूर लिंटेल शटरिंग (कंक्रीट को सहारा देने वाला अस्थायी ढांचा) तैयार कर रहे थे, तभी वे फिसलकर नीचे गिर गए। सौभाग्य से, सुरक्षा जाल पूरी तरह सक्रिय था, जिसके कारण कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें स्वस्थ घोषित करते हुए घर भेज दिया।
