● योगी सरकार का तोहफा

लखनऊ। त्योहारों पर सफर करने वालों के लिए बड़ी राहत आई है। योगी सरकार ने दशहरा और दीपावली को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सभी वातानुकूलित बसों के किराए में 10 प्रतिशत की कमी को फिलहाल अग्रिम आदेश तक जारी रखने का फैसला किया है।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि यह कदम यात्रियों को बेहतर सुविधा देने और निगम की लाभकारी स्थिति को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। अब यात्री जनरथ, पिंक, शताब्दी हाई एंड (वोल्वो) और एसी शयनयान बसों में सस्ती दरों पर यात्रा कर सकेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 01 जनवरी 2024 के बाद पंजीकृत नई वातानुकूलित बसों पर यह छूट लागू नहीं होगी।
सरकार का कहना है कि इस पहल से न केवल यात्रियों को आर्थिक राहत मिलेगी बल्कि परिवहन सेवाओं को अधिक आकर्षक और सुलभ बनाने में भी मदद मिलेगी।
