‘मॉथ एक्स ह्यूमन’ संगीत रचना

ब्रैडफोर्ड, यूके।
ब्रिटेन की वायलिन वादिका एली विल्सन ने पतंगों की उड़ान पर आधारित डेटा से एक अनोखी संगीत रचना तैयार की है, जिसका नाम है मॉथ एक्स ह्यूमन। यह रचना ऑक्सफोर्ड कंटेम्पररी म्यूजिक और यूके सेंटर फॉर इकोलॉजी एंड हाइड्रोलॉजी के सहयोग से ब्रैडफोर्ड 2025 यूके सिटी ऑफ कल्चर के न्यू म्यूजिक बिएननियल में प्रस्तुत की गई।
विल्सन ने सॉल्सबरी के संरक्षित क्षेत्र में 80 पतंगा प्रजातियों के डेटा को आधार बनाकर हर प्रजाति के लिए एक अलग ध्वनि तय की। ये ध्वनियां तब बजतीं जब पतंगे निगरानी प्रणाली पर उतरते। इस अनोखे प्रयोग से तैयार रचना में वायलिन, सेलो, ट्रॉम्बोन, पियानो और सिंथेसाइज़र की संगति भी जोड़ी गई।

विल्सन का कहना है, ‘पतंगे रात में निकलते हैं, जब हम सो रहे होते हैं, इसलिए अक्सर अनदेखे रह जाते हैं। लेकिन ये भी मधुमक्खियों और तितलियों की तरह अहम परागणकर्ता हैं। मैंने इन्हें सम्मान देने के लिए यह संगीत तैयार किया।’
यह रचना न केवल संगीत का एक नया प्रयोग है बल्कि यूके में घटते जैव विविधता और प्राकृतिक आवास के संकट पर भी ध्यान खींचती है। अंत में दिखाई गई एक फार्मलैंड की स्थिति जहां केवल 19 प्रजातियां बची थीं, ने रचना की धुन को गहरी उदासी में बदल दिया।