● मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को दिया निर्देश

◆ मुंबई। महानगरी मुंबई में आगामी छठ महापर्व की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इसी क्रम में आज छठ उत्सव महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर उन्हें छठ पूजा के लिए औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने मुलाकात के दौरान छठ महापर्व के महत्व की सराहना करते हुए कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं बल्कि सूर्य उपासना के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आस्था और अनुशासन का अनोखा प्रतीक है। उन्होंने छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष के आयोजन में सभी आवश्यक सुविधाएँ सुरक्षा, स्वच्छता, रोशनी, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और यातायात प्रबंधन पूरी तत्परता के साथ सुनिश्चित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ उत्सव महासंघ ने मुंबई में छठ पूजा को जिस संगठित, अनुशासित और सांस्कृतिक रूप में स्थापित किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने बताया कि वे इस वर्ष भी लगातार 11वीं बार छठ उत्सव महासंघ के मंच पर उपस्थित रहेंगे, जो उनके और राज्य सरकार के इस पर्व से गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।

इस अवसर पर भाजपा महाराष्ट्र उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संजय पांडेय, छठ उत्सव महासंघ के अध्यक्ष मोहन मिश्रा, समाजसेवी राजेश झा एवं महासंघ के महामंत्री दिवाकर मिश्रा उपस्थित रहे।
भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संजय पांडेय जी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवेंद्र जी का सहयोग और संवेदनशील नेतृत्व ही कारण है कि आज मुंबई में छठ पर्व देश के सबसे भव्य आयोजनों में से एक बन चुका है।
छठ उत्सव महासंघ के अध्यक्ष मोहन मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष जुहू बीच पर लाखों श्रद्धालु छठव्रतियों के साथ भगवान सूर्यदेव और छठ मैया की उपासना करने पहुंचेंगे। महासंघ पिछले तीन दशकों से इस पर्व को न केवल धार्मिक बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बनाकर मना रहा है।
