
● मुंबई । सामाजिक कार्यों एवं धार्मिक-आध्यात्मिक सेवाओं से जुड़े जितेंद्र कुमार तिवारी को हाल ही में महात्मा गांधी रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड उन्हें कृष्णा चौहान फाउंडेशन की ओर से अंधेरी के मेयर्स हाल में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। गांधीजी के विचारों को समर्पित यह संस्था प्रतिवर्ष समाज की विभिन्न हस्तियों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित करती है। संस्था के इस पांचवें वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में समाजसेवा, कला, प्रशासन, पुलिस विभाग, उद्योग और फ़िल्मजगत की कई हस्तियां उपस्थित थीं।
संस्था के अध्यक्ष व निर्माता निर्देशक कृष्णा चौहान ने कहा कि आज के दौर में गांधीजी के आदर्शों से नई पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा की आज समूचे विश्व में आवश्यकता है। इस अवसर पर कृष्णा म्यूजिक का नया एल्बम भी रिलीज किया गया। महात्मा गांधी अवॉर्ड मिलने पर खुशी जताते हुए जे.के.तिवारी ने कहा कि राष्ट्रनिष्ठा, न्याय और सत्य के मार्ग पर चलकर ही जीवन को पवित्र बनाया जा सकता है। जिसका जीवन पवित्र होगा वही अन्य लोगों के लिए आदर्श स्थापित कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि जे.के.तिवारी सद्गुरु सदाफलदेव स्थापित ‘विहंगम योग संस्थान” से भी प्रमुखता से जुड़े हुए हैं। इसके द्वारा अनेक धार्मिक आध्यात्मिक उपक्रमों के माध्यम से जनसेवा, राष्ट्रसेवा और विश्वशांति के लिए लोगों को नियमित प्रेरणा दी जाती है।
