
● मुंबई । मुंबई और ठाणे के यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। अब नागपुर से मुंबई आने-जाने वालों को भारी ट्रैफिक जाम से निजात मिलने वाली है। हिंदूहृदयसम्राट बाळासाहेब ठाकरे समृद्धि महामार्ग को सीधे मुंबई से जोड़ने की तैयारी जोरों पर है।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने भिवंडी के आमने से लेकर ठाणे के साकेत तक 29.3 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मार्ग के निर्माण की योजना बनाई है। इस उन्नत पुल की अनुमानित लागत लगभग 6,000 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके बन जाने पर समृद्धी महामार्ग से आने वाले वाहनों को बिना किसी रुकावट के सीधे मुंबई में प्रवेश मिल सकेगा।

वर्तमान में भिवंडी से ठाणे तक का सफर ट्रैफिक जाम के कारण डेढ़ से दो घंटे में पूरा होता है। ठाणे से मुंबई की ओर बढ़ते समय भी यही स्थिति बनी रहती है। इस समस्या के समाधान के लिए एमएमआरडीए ने ईस्टर्न फ्रीवे के विस्तार की भी योजना शुरू कर दी है। घाटकोपर के छेडानगर से आनंदनगर तक 12.955 किलोमीटर लंबे और छह लेन वाले इस फ्रीवे पर लगभग 2,683 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
साथ ही, आनंदनगर से साकेत (ठाणे) के बीच 8.24 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मार्ग का कार्य भी प्रगति पर है, जिसकी लागत करीब 1,874 करोड़ रुपये अनुमानित है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद ठाणे से मुंबई का सफर अधिक तेज, सुगम और समय बचाने वाला होगा।
