नीलामी में मिलता है ‘रूबी रोमन’ अंगूर

टोक्यो।
अंगूर का नाम सुनते ही आपके मन में हरे या काले छोटे-छोटे फलों की छवि बनती होगी, जो बाजार में 100-125 रुपए किलो तक आसानी से मिल जाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ऐसा भी अंगूर है जिसकी एक गुच्छी की कीमत पूरी मोटरसाइकिल से ज्यादा हो सकती है?
हम बात कर रहे हैं जापान में उगाए जाने वाले दुर्लभ और बेहद महंगे ‘रूबी रोमन’ अंगूर की, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये प्रति गुच्छा तक जाती है।
1995 में जापान के इशिकावा प्रांत के किसानों ने एक खास लाल अंगूर की किस्म विकसित करने की ठानी। उन्होंने प्रीफेक्चुरल एग्रीकल्चर रिसर्च सेंटर से सहयोग मांगा। दो सालों तक 400 अंगूर की बेलों पर परीक्षण हुआ लेकिन सिर्फ 4 बेलों में लाल रंग के अंगूर उगे। इन्हीं में से एक किस्म थी, रूबी रोमन।
क्यों है इतना खास?
इस अंगूर का हर दाना चमकदार लाल और लगभग 20 ग्राम वजनी होता है।
एक गुच्छे में औसतन 24 अंगूर होते हैं, यानी पूरा गुच्छा करीब आधा किलो से ज्यादा वजनी।
इसका स्वाद बेहद मीठा और जूस से भरपूर होता है।
जापान में इसे ‘इशिकावा का खजाना’ कहा जाता है।
‘रूबी रोमन’ को वहां का लग्जरी फ्रूट माना जाता है। इसे आम बाजार में नहीं बेचा जाता बल्कि नीलामी में खरीदा जाता है और कई बार इसकी कीमत लाखों में पहुंच जाती है। यह फल आम लोगों की थाली से दूर, अमीरों की डाइनिंग टेबल की शान बन चुका है।