
● मुंबई ।
मुंबई के यात्रियों के लिए सफर का अनुभव बदलने वाला है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने 1 नवंबर से कई बस रूटों में बड़े बदलाव लागू किए हैं। कुछ पुराने रूटों का विस्तार किया गया है, कुछ को बंद किया गया है, जबकि कई पर अब वातानुकूलित (एसी) बसें दौड़ेंगी।
बेस्ट प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक बैकबे डिपो की बस A45 और मुंबई सेंट्रल डिपो की A49 अब एमएमआरडीए कॉलोनी, माहुल के बजाय माहुल गांव तक जाएंगी। बस नंबर 69, जो अब तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक से सेवरी बस स्टैंड तक चलती थी, अब वडाला डिपो तक जाएगी। रूट 6 लिमिटेड का नाम बदलकर अब A6 (एसी) कर दिया गया है, और यह बस अब टाटा पावर सेंटर से बैकबे डिपो तक चलेगी।
इसी तरह अन्य बदलावों में बस नंबर 307 (वैशाली नगर, मुलुंड से मरोल डिपो) अब A307 के रूप में होली स्पिरिट अस्पताल होते हुए माजस डिपो तक जाएगी। बस A533 (घाटकोपर डिपो से अगरकर चौक, अंधेरी पूर्व) को अब गोखले ब्रिज होते हुए अंधेरी स्टेशन पश्चिम तक बढ़ा दिया गया है। एसी बस नंबर 60 (देवनार डिपो से बोरीवली स्टेशन पूर्व) अब A458 नंबर से चलेगी।
इसके साथ ही कई नए मार्गों पर एसी बसें शुरू की जा रही हैं-
A207 (मालवणी डिपो – दहिसर बस स्टैंड),
A295 (बांद्रा रिक्लेमेशन – टाटा कॉलोनी),
A399 (ट्रॉम्बे – मुलुंड महाराणा प्रताप चौक),
A410 (विक्रोली डिपो – महाकाली गुफा),
A604 (कांजुरमार्ग – भांडुप पश्चिम),
A605 (भांडुप स्टेशन पश्चिम – टेंभीपाड़ा नाका),
A606 (भांडुप स्टेशन पश्चिम – अशोक केदारे चौक)।
बेस्ट ने उम्मीद जताई है कि इन बदलावों से यात्रियों को अधिक आरामदायक, तेज और आधुनिक बस सेवा का अनुभव मिलेगा।
