
● रवीन्द्र मिश्रा@मुंबई
अपने गीतों से बॉलीवुड फिल्मों का भाग्य चमकाने वाले महान गीतकार कैफी आजमी के नाम पर बना कैफी आजमी उद्यान अब स्वयं अपना भाग्य चमकाने जा रहा है। रविवार को इस उद्यान के सुशोभीकरण कार्य का शुभारंभ विधायक एवं मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम के नेतृत्व में नारियल फोड़कर किया गया।
जानकारी के अनुसार जूहू स्थित यह उद्यान पहले से ही सुंदर था किंतु क्षेत्रवासियों की इच्छा थी कि इसे और अधिक आकर्षक बनाया जाए। इस विषय में स्थानीय नागरिकों ने विधायक से मिलकर अपनी मंशा व्यक्त की थी, जिसे विधायक ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब वह संकल्प मूर्त रूप ले चुका है और उद्यान के नूतनीकरण की दिशा में कार्य प्रारंभ हो गया है।
भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा (उत्तर पश्चिम) के उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम गुप्ता ने बताया कि अंधेरी विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से रुके विकास कार्यों को अब नई गति मिल रही है। विधायक अमित साटम के नेतृत्व में क्षेत्र की सड़कों, उद्यानों और अन्य जनसुविधा परियोजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हो रही है।
रविवार को आयोजित सुशोभीकरण कार्य शुभारंभ समारोह में पूर्व नगरसेविका श्रीमती सुधा सिंह, भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा (उत्तर पश्चिम) के उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम गुप्ता, वार्ड अध्यक्ष शंकर शिंदे, अशोक सोनी, श्रीमती किरण सोनी, मधु कुमार राठी, हेमा त्रिवेदी, राजवती चौधरी, अंजू कुमार, श्रद्धा जैन, लक्ष्मी कालोत्रा, सुनील सिगवन, तारीफ जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
