■ अभिषेक शर्मा का नया विश्व रिकॉर्ड

● नई दिल्ली।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की। ब्रिस्बेन के गाबा में शनिवार को खेला जाने वाला पाँचवाँ और निर्णायक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया, जिससे भारतीय टीम ने श्रृंखला अपने पक्ष में रखी। यह भारत की मुख्य कोच गौतम गंभीर के नेतृत्व में लगातार पाँचवीं टी20आई श्रृंखला जीत है।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिशेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। भारत की ओपनिंग जोड़ी शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए केवल 4.5 ओवर में 50 रन जोड़ दिए। शुभमन 29 और अभिषेक 23 रन बनाकर नाबाद थे, तभी बिजली और तेज बारिश ने खेल रोक दिया। दो घंटे की प्रतीक्षा के बाद मैच रद्द कर दिया गया। उस समय भारत का स्कोर 52/0 था।
हालाँकि मैच अधूरा रहा पर इस मुकाबले ने एक ऐतिहासिक क्षण जरूर दर्ज किया। अभिषेक शर्मा ने अपनी नाबाद 23 रनों की पारी के दौरान सबसे तेज़ 1,000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने यह उपलब्धि मात्र 528 गेंदों में हासिल की, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने 573 गेंदों में यह मील का पत्थर छुआ था। इंग्लैंड के फिल साल्ट 599 गेंदों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
अभिषेक शर्मा ने अब तक 29 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 28 पारियाँ खेलीं हैं और 37.48 की औसत से 1,012 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 189.51 है, जो उन्हें आधुनिक क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शामिल करता है। उनके नाम दो शतक और छह अर्धशतक भी दर्ज हैं जबकि सर्वोच्च स्कोर 135 रन रहा है।
वह 1,000 टी20आई रन तक पहुँचने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय भी बने हैं। केवल विराट कोहली (27 पारियाँ) उनसे आगे हैं। बारिश से बाधित इस अंतिम मुकाबले के बावजूद, भारतीय टीम ने श्रृंखला जीतकर एक बार फिर यह साबित किया कि नए नेतृत्व और नई ऊर्जा के साथ टीम इंडिया छोटे प्रारूप में अजेय अभियान पर है।
