■ कुछ दिनों में शुरू हो जाएगी ठंडी

● मुंबई।
हफ्तों तक रुक-रुककर हुई बारिश के बाद अब महाराष्ट्र में मानसूनी गतिविधियों पर पूरी तरह विराम लग गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने घोषणा की है कि राज्य में वर्षा का दौर समाप्त हो चुका है और आने वाले दिनों में शुष्क मौसम के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। ठंडी हवाओं की शुरुआत के साथ ही मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 9 नवंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। दिन के समय हल्की गर्मी बनी रहेगी, लेकिन रात और सुबह के घंटे ठंडक भरे होंगे।
मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगड, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और वर्षा की कोई संभावना नहीं है। मुंबई में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।

वहीं पश्चिमी महाराष्ट्र जिसमें पुणे, कोल्हापुर, सतारा, सांगली, सोलापुर और घाट क्षेत्रों का समावेश है, में भी मौसम शुष्क रहेगा। यहाँ दिन में धूप खिली रहेगी और रातें ठंडी रहेंगी। पुणे में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
कुल मिलाकर, बारिश के थमने के बाद अब महाराष्ट्र में साफ आसमान और बढ़ती ठंड का दौर शुरू हो गया है।
