● रवीन्द्र मिश्रा@मुंबई

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के विधायक सुनील प्रभु ने सोमवार, 10 नवम्बर को महानगर पालिका अधिकारियों के साथ गोरेगांव–मुलुंड लिंक रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हबाले आदिवासी पाड़ा में रहने वाले नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक, विभाग प्रमुख तथा पूर्व महापौर सुनील प्रभु ने मनपा अधिकारियों के साथ गोरेगांव से मुलुंड तक बनने वाले लिंक रोड का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में महानगर पालिका के सड़क विभाग, पुल विभाग तथा परिरक्षण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
गोरेगांव–मुलुंड लिंक रोड के जनरल अरुण कुमार वैद्य मार्ग पर रत्नागिरी होटल से लेकर फिल्म सिटी गेट तक बनाए जा रहे उड़ान पुल को लेकर विधायक ने अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुंबई महानगर पालिका द्वारा शुरू किए गए कार्य का शुभारंभ विधायक सुनील प्रभु के हाथों किया गया। कार्यक्रम में पूर्व उप महापौर सुहास वाडकर, पूर्व नगरसेवक तुलसीराम शिंदे, शाखा प्रमुख संपत मोरे तथा मनपा के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
