
● रवीन्द्र मिश्रा@मुंबई
देव दीपावली के अवसर पर भिवंडी तालुका के गणेशपुरी में 21 नवंबर (सोमवार) से अखंड हरिनाम सप्ताह एवं ज्ञानेश्वरी पारायण का आयोजन किया गया है।
बालयोगी श्री सदानंद महाराज आश्रम के अध्यक्ष गुरुनाथ भोईर द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष देव दीपावली के उपलक्ष्य में 21 नवंबर से 28 नवंबर तक गणेशपुरी आश्रम में विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस अवसर पर अखंड हरिनाम सप्ताह और ज्ञानेश्वरी पारायण का आयोजन विशेष रूप से किया जा रहा है।
इस पारायण में महाराष्ट्र के प्रसिद्ध कीर्तनकार अपनी भक्ति प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें नांदुरा (बुलढाणा) की सर्वेश्वरी ताई भिसे, आलंदी के माउली महाराज शिंदे, अकलूज के सुरेश महाराज सूल, जुन्नर (पुणे) की सुप्रिया ताई साठे, अंबरनाथ के विश्वनाथ महाराज वारिंगे, पंढरपुर के सोपान महाराज टेंभूकर तथा सुपे (बारामती) के प्रमोद महाराज जैसे अनेक प्रसिद्ध कीर्तनकार और भजन गायक सम्मिलित होंगे।
बालयोगी सदानंद महाराज आश्रम का यह 48वां वार्षिकोत्सव होने से यहां पर भारी संख्या में भक्तों के उपस्थित रहने की संभावना है। सभी आगंतुक भक्तों के लिए नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है।
देव दीपावली के पावन अवसर पर 21 नवंबर को बालयोगी सदानंद महाराज दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इससे एक दिन पूर्व, 20 नवंबर को तुंगारेश्वर से गणेशपुरी तक ‘पोथी यात्रा’ निकाली जाएगी। दोपहर में बलंगवाडी घाटेघर में भक्तों के लिए भोजन और विश्राम की व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत 27 नवंबर को सामूहिक विवाह समारोह का भी आयोजन किया गया है।
