
आज की दुनिया जहाँ लोग जल्दी रिटायरमेंट और आराम की जिंदगी के पीछे भाग रहे हैं, वहाँ सिंगापुर के 91 वर्षीय एक बुजुर्ग ने सक्रिय और सार्थक जीवन का नया अर्थ गढ़ दिया है। उनकी कहानी को ऑस्ट्रेलियाई ट्रैवलर जेडन लैंग ने कैमरे में कैद किया, जो देखते ही देखते करोड़ों लोगों तक पहुँच गई। अभिनेता आर माधवन ने भी इसे सराहना के साथ साझा किया।
जेडन लैंग जब सिंगापुर में थे तो उन्होंने एक सार्वजनिक शौचालय में एक वृद्ध व्यक्ति को अपने काम में तल्लीन देखा। उन्होंने बस सामान्य अभिवादन किया था पर बातचीत के दौरान जब उस बुजुर्ग ने सहज भाव से बताया कि उनकी उम्र 91 वर्ष है और वे हर दिन 12 घंटे की ड्यूटी करते हैं तो लैंग स्तब्ध रह गए। उनकी शांति और ऊर्जा को देखकर लैंग ने पूछा कि क्या वे कोई विशेष व्यायाम या आहार का पालन करते हैं। बुजुर्ग मुस्कराए और बोले वे बस सामान्य भोजन करते हैं, कोई व्यायाम नहीं करते और जीवन की गति को थामकर चलते रहते हैं।
उस सरलता और दृढ़ता ने लैंग को गहराई से छू लिया। उन्होंने भोजन के लिए एक छोटा-सा टिप दिया और बाद में यह वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया। पोस्ट में उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे बुजुर्गों का सम्मान करें और लेविटिकस के एक श्लोक का उल्लेख किया, जिसमें वृद्धावस्था को आध्यात्मिक आदर का रूप माना गया है। यह संदेश तेजी से वायरल हुआ और दुनिया भर में दिलों को छू गया।
