● त्रिपाठी बोले, मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व में उत्तर भारतीय समाज की प्रगति

● मुंबई
उत्तर भारतीय सेवा संघ के तत्वावधान में भारतीय जनता पार्टी, मुंबई के नवनियुक्त महामंत्री तथा श्री सिद्धिविनायक मंदिर न्यास के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी का भव्य और आत्मीय स्वागत समारोह मालाड पश्चिम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का वातावरण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संगीतमय कार्यक्रमों से सराबोर रहा, जिनमें समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा मुंबई के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में उत्तर भारतीय समाज के सैकड़ों सम्मानित वरिष्ठ नागरिक, प्रख्यात नेता, समाजसेवी, संगठन के पदाधिकारी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए आचार्य पवन त्रिपाठी ने उत्तर भारतीय सेवा संघ और सभी सम्मानित अतिथियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘उत्तर भारतीय समाज मुंबई की आत्मा है। यह महानगर उत्तर भारतीयों के परिश्रम, संस्कार और संस्कृति की वजह से विकसित और जीवंत है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कुशल नेतृत्व में मुंबई का समग्र विकास निरंतर गति पकड़ रहा है। उनके मार्गदर्शन में बुनियादी ढांचे, परिवहन, आवास और रोजगार के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आज मुंबई एक आधुनिक, आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध महानगर के रूप में उभर रहा है, और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर भारतीय समाज की सुरक्षा तथा प्रगति सुनिश्चित है।’
उन्होंने उत्तर भारतीय समाज के सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक योगदान की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि पार्टी सदैव समाज के सुझावों पर संवेदनशीलता के साथ काम करती रही है और आगे भी करती रहेगी। साथ ही उपस्थित जनसमूह से मुंबई में भारतीय जनता पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में उत्तर भारतीय समाज के प्रमुख नेता आर. यू. सिंह, बृजेश सिंह, योगेश वर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर उत्तर भारतीय सेवा संघ के पदाधिकारियों ने शॉल, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर आचार्य पवन त्रिपाठी का सम्मान किया।
समारोह के वक्ताओं ने उनके नेतृत्व, समाजसेवा और उत्तर भारतीय समाज के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी समान उत्साह और सक्रियता से समाज का मार्गदर्शन करने की अपेक्षा व्यक्त की।
