
● मुंबई।
मुंबई ने इस वर्ष नवंबर में असाधारण ठंड का अनुभव किया। रविवार की सुबह उपनगर सांताक्रुज में न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह पिछले लगभग 13 वर्षों में नवंबर माह का सबसे कम रिकॉर्ड रहा। तापमान में यह गिरावट एक ही दिन में छः डिग्री तक दर्ज की गई।
इसी दौरान कोलाबा वेधशाला में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रहा, जबकि एक दिन पहले सांताक्रुज में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री था। यह पहली बार है कि मुंबई में नवंबर के महीने में 16 डिग्री से कम तापमान दर्ज हुआ।
उत्तर-पूर्वी हवाओं ने बढ़ाई ठंड
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान और मध्य प्रदेश से आने वाली उत्तर-पूर्वी शुष्क हवाओं ने महाराष्ट्र भर में तापमान को सामान्य से नीचे पहुंचा दिया है। इसी असर से उत्तर कोकण और मध्य महाराष्ट्र में भी ठंड अधिक महसूस की गई। सोलापुर जिले के जिउर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक गिर गया।
नवंबर में दिन का तापमान भी टूटा
इस साल शहर ने नवंबर में दिन के समय भी दशक का न्यूनतम अधिकतम तापमान दर्ज किया। शहर में 27 डिग्री और उपनगरों में 29 डिग्री। नवंबर के शुरुआती दिनों में हुई अनियमित वर्षा ने तापमान गिराने में भूमिका निभाई, जो इसे छह साल में सबसे ‘गीला’ नवंबर बना गई।
मौसम आंकड़ों के अनुसार 2 दिसंबर की सुबह मुंबई में न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री रहने की संभावना है। दोपहर में तापमान 30 डिग्री तक जा सकता है अर्थात सुबह हल्की ठंड के बाद दिन में हल्की गर्माहट महसूस होगी।
