
● मुंबई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई लोकल यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए उरण मार्ग पर दस नई उपनगरीय ट्रेन सेवाओं की मंजूरी की घोषणा की है। रेल मंत्रालय के आधिकारिक पत्र को साझा करते हुए उन्होंने इसे मुंबईवासियों के लिए “खास तोहफा” बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।
स्वीकृत सेवाओं में नेरुल–उरण–नेरुल की चार तथा बेलापुर–उरण–बेलापुर की छह अतिरिक्त ट्रिप शामिल हैं। साथ ही तारघर और गव्हाण स्टेशनों को नए ठहराव के रूप में मंजूरी मिली है, जिससे स्थानीय यात्रियों को बड़ी सुविधा होने की उम्मीद है।
रेलवे बोर्ड का यह निर्णय उरण कॉरिडोर के तेजी से विकसित हो रहे आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत साबित होगा। अब तक सड़क परिवहन पर निर्भर रहने वाले लोगों को इन नई ट्रेन सेवाओं से तेज, आरामदायक और कम भीड़ वाला सफर मिल सकेगा। इससे नवी मुंबई–उरण के बीच ट्रैफिक दबाव भी घटने की संभावना है।
