
● मुंबई
रविवार शाम मुंबई मेट्रो की येलो लाइन-2A और रेड लाइन-7 पर सिग्नलिंग सिस्टम अचानक खराब हो गया, जिससे सेवाएं लगभग ठप रहीं। सबसे ज्यादा असर अंधेरी वेस्ट स्टेशन पर दिखा, जहां यात्रियों को लंबी देरी और बिना स्पष्ट सूचना के इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों ने सोशल मीडिया पर लगातार शिकायतें कीं। कई लोगों ने बताया कि ट्रेनें आधे घंटे से अधिक समय तक रुकी रहीं और स्टेशन पर भीड़ बढ़ती गई। कुछ यात्रियों ने अव्यवस्था और घोषणाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई।
कुछ देर बाद MMRPL ने दोनों लाइनों की सेवाएं बहाल होने की जानकारी दी, लेकिन गति धीमी रहने से देरी जारी रही। कंपनी ने असुविधा के लिए खेद जताया और सिग्नलिंग खराबी के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ज्ञात हो कि सप्ताहांत में इन लाइनों पर सेवाओं की संख्या कम होती है, ऐसे में देरी के दौरान विकल्प सीमित होने से यात्रियों की दिक्कत और बढ़ गई।
