
● न्यूयॉर्क
क्या सौरमंडल में हम सचमुच अकेले हैं? इस प्रश्न को बृहस्पति के बर्फीले चंद्रमा यूरोपा ने एक नई दिशा दी है। यूरोपा की सतह पर मिला ‘मकड़ी जैसा’ डरावना निशान वैज्ञानिकों के लिए संकेत बनकर उभरा है। नासा के गैलिलियो स्पेसक्राफ्ट ने दशकों पहले मनन्नान क्रेटर के पास यह स्टारबर्स्ट पैटर्न दर्ज किया था। अब ट्रिनिटी कॉलेज डबलिन के वैज्ञानिकों ने इसके पीछे का विज्ञान समझाया है।

आयरिश भाषा में ‘डम्हैन अल्ला’ कहलाने वाला यह निशान किसी उल्कापिंड की चोट नहीं, यूरोपा की आंतरिक हलचल का परिणाम माना जा रहा है। अध्ययन के अनुसार बर्फ के नीचे मौजूद नमकीन पानी दबाव पड़ने पर ऊपर फूटता है और जमने से पहले मकड़ी-जैसा पैटर्न बना देता है। जहां पानी की मौजूदगी है, वहां जीवन की संभावना पर उम्मीद भी जागती है।
