
● नई दिल्ली
बीते कुछ दिनों से परिचालन चुनौतियों से जूझ रही इंडिगो एयरलाइंस के लिए अब राहत भरी खबर सामने आई है। गुरुवार को कंपनी के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कर्मचारियों को भेजे वीडियो संदेश में भरोसा दिलाया कि हालात काफी हद तक सामान्य हो चुके हैं और ‘सबसे मुश्किल समय अब पीछे छूट गया है।’
पीटर एल्बर्स के अनुसार हालिया व्यवधान के बाद इंडिगो ने अपने नेटवर्क को दोबारा खड़ा कर लिया है और करीब 2,200 उड़ानों का संचालन फिर शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कंपनी फिलहाल तीन अहम मोर्चों पर काम कर रही है, परिचालन में लचीलापन बढ़ाना, समस्याओं की जड़ तक पहुंचना और नेटवर्क का सशक्त पुनर्निर्माण करना।
दिसंबर के पहले पखवाड़े में सिस्टम और ऑपरेशनल दिक्कतों के चलते इंडिगो को कई उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं, वहीं यात्रियों को भी देरी का सामना करना पड़ा। एल्बर्स ने स्वीकार किया कि बीते दो सप्ताह कंपनी और कर्मचारियों, दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण रहे। उन्होंने पायलटों, केबिन क्रू, एयरपोर्ट स्टाफ, ऑपरेशन, कंट्रोल और कस्टमर सर्विस टीम के समर्पण और मेहनत की खुले दिल से सराहना की।
उन्होंने कहा कि इतने बड़े और जटिल नेटवर्क को सीमित समय में दोबारा सुचारु करना इंडिगो की टीमवर्क संस्कृति और मज़बूत कार्यप्रणाली का प्रमाण है। सर्दियों के मौसम और खराब मौसम की आशंका के बीच परिचालन चुनौतियां बढ़ जाती हैं, ऐसे में कंपनी की प्राथमिकता यह है कि बाहरी कारणों का असर यात्रियों और उड़ानों पर न्यूनतम रहे।
व्यवधान के कारणों को लेकर एल्बर्स ने कर्मचारियों से किसी भी तरह की अटकलों से बचने का आग्रह किया। उनका कहना है कि यह स्थिति कई कारणों के संयुक्त प्रभाव का नतीजा हो सकती है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले विस्तृत जांच आवश्यक है। इसी दिशा में बोर्ड ने एक बाहरी विमानन विशेषज्ञ को पूर्ण स्तर की जांच के लिए नियुक्त किया है, ताकि वैश्विक अनुभवों से सीख लेकर भविष्य की रणनीति को और मजबूत किया जा सके।
सीईओ ने यह भी स्पष्ट किया कि वह और उनकी लीडरशिप टीम नेटवर्क के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर कर्मचारियों से सीधे संवाद करेगी और जमीनी चुनौतियों को नजदीक से समझेगी। संदेश के अंत में एल्बर्स ने भरोसा दिलाया कि हालिया व्यवधान इंडिगो की 19 वर्षों की यात्रा को परिभाषित नहीं करता और एयरलाइन आगे भी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ उड़ान भरती रहेगी।
