
मुंबई । विगत 30 वर्षों से झुग्गी – झोपड़ी में रहने वाले प्रत्येक बच्चे के लिए निःशुल्क शिक्षा और स्कूल की व्यवस्था करनेवाली संस्था ‘प्रथम’ का रमाबाई आंबेडकर नगर , घाटकोपर , मुंबई के सुंदर गली और कामराज नगर इकाई का क्षेत्रीय सर्वेक्षण कार्य सम्पन्न हुआ। इस सर्वे में बच्चों के साथ उनके माता-पिता, स्वयं सेवक और आसपास के निवासियों के साथ जमीनी स्तर पर संवाद हुआ। हर बच्चे तक किताब और शिक्षा समुचित तरीके से आसानी से पहुंच सके यही इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य था।
आर के पब्लिकेशन के निदेशक रामकुमार और कवि त्रिलोचन सिंह अरोरा के नेतृत्व में 25 से ज्यादा बच्चों, अभिभावकों और स्वयंसेवकों से घर – घर जाकर प्रथम के कार्य के बारे में पूछताछ की गई।इस सर्वे के आधार पर प्रथम अपने कार्यप्रणाली और पुस्तकालय को और समृद्ध बनायेगी। इस सर्वे में अधिकतम लोगों ने प्रथम के कार्य की प्रशंसा की और उसे यथाशक्ति सहयोग देने की बात कही। प्रथम सभी बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और पुस्तकालय की व्यवस्था करनेवाली देश की अग्रणी स्वयंसेवी संस्था है, जो अपने स्थापना के समय से ही देश के विभिन्न हिस्सों में अनवरत कार्य कर रही है।
इस सर्वे में मुंबई यूनिट के विद्या शिंदे, योगेश तावड़े और दीपक पराडकर के मार्गदर्शन में उज्ज्वला चव्हाण, सुनंदा वाल्टे, गीता, कंचन, मेघा, सरोजा, यामिनी, सुमन, सम्सुर्निशा, सुनीता, जयंती नाजिया एवं साधना निकम ने पूरा सहयोग किया।
