
● मुंबई
नए साल 2026 के स्वागत को लेकर मुंबईवासियों के लिए राहत और सुविधा भरी खबर है। मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एमएमआरसी) ने घोषणा की है कि न्यू ईयर सेलिब्रेशन के मद्देनज़र मेट्रो की एक्वा लाइन-3 पूरी रात यात्रियों की सेवा में रहेगी।
एमएमआरसी के अनुसार 31 दिसंबर की रात 10:30 बजे से लेकर 1 जनवरी 2026 की सुबह 5:55 बजे तक एक्वा लाइन-3 पर ओवरनाइट मेट्रो सेवाएं संचालित की जाएंगी। इससे देर रात जश्न मनाने निकलने वाले यात्रियों को सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद यात्रा का विकल्प मिलेगा।
कॉरपोरेशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सुबह 5:55 बजे के बाद मेट्रो सेवाएं अपनी नियमित समय-सारिणी के अनुसार सामान्य रूप से चलेंगी।
उधर, नए साल के पहले दिन को लेकर भ्रम की स्थिति भी साफ कर दी गई है। 1 जनवरी 2026 (गुरुवार) भारत में राजपत्रित राष्ट्रीय अवकाश नहीं है। केंद्र सरकार के अनुसार यह दिन प्रतिबंधित अवकाश की श्रेणी में आता है, इसलिए अधिकांश सरकारी और निजी कार्यालयों में कामकाज सामान्य रहेगा, हालांकि कुछ राज्यों या संस्थानों में आंशिक अवकाश संभव है।
न्यू ईयर काउंटडाउन के बीच पूरी रात चलने वाली मेट्रो सेवा निश्चित रूप से मुंबईवासियों और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत और सुविधा साबित होगी।
