
● मुंबई
मुंबई की प्रतिष्ठित और सबसे पुरानी सामाजिक संस्थाओं में शुमार श्री गौरीशंकर ग्राम सेवा मंडल, मुंबई अपना 112वां स्थापना दिवस 1 जनवरी को उत्साहपूर्वक मनाने जा रहा है। इस अवसर पर मालाड पूर्व स्थित दत्त मंदिर रोड के शारदा ज्ञानपीठ इंटरनेशनल स्कूल के सकल नारायण शर्मा सभागृह में सुबह 10 बजे से विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह होंगे। वहीं सम्मानित अतिथियों के रूप में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अजीत कुमार, न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के संस्कृत आचार्य प्रोफेसर रामनाथ झा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इस वर्ष के बोहनीकर्ता के रूप में जौनपुर के राजा बाजार स्थित श्री चंडी मंदिर रामस्वरूप गुप्त आदर्श संस्कृत महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य पंडित मंसाराम तिवारी को आमंत्रित किया गया है। साथ ही पिछले वर्ष के बोहनीकर्ता, नालासोपारा मेडिकल कॉलेज के संचालक डॉ. ओमप्रकाश दुबे भी समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
संस्था के संचालन में चेयरमैन एवं ट्रस्टी बोर्ड के रूप में डॉ. शारदा प्रसाद शर्मा, रामसेवक पांडे, कौशल कुमार तिवारी, मानकेश्वर चौबे, सुभाषचंद्र उपाध्याय, विनोद कुमार मिश्रा और राधेश्याम दुबे सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि संस्था द्वारा जौनपुर के विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ पुस्तकालय और वाचनालयों का सफल संचालन किया जा रहा है, जो सामाजिक और शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
