
● मुंबई
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा संचालित ऑपरेशन अमानत के तहत ईमानदारी और तत्परता की एक और मिसाल सामने आई है। अंधेरी रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान लोकल ट्रेन में मिला एक कीमती मोबाइल फोन उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित रूप से पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार अंधेरी पोस्ट पर तैनात एएसआई ललित कुमार त्रिपाठी, सीटी कपिल सिंह तथा एमएसएफ स्टाफ नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 पर आई लोकल ट्रेन में यात्रियों ने सूचना दी कि एक मोबाइल फोन सीट पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही आरपीएफ कर्मियों ने मोबाइल को सुरक्षित कब्जे में लेकर अंधेरी पोस्ट पर जमा कर दिया।
कुछ समय बाद मोबाइल पर आए कॉल के जरिए संपर्क साधा गया। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम प्रार्थना सरोज (21 वर्ष), निवासी प्रभादेवी, बाबासाहेब आंबेडकर नगर बताया। उन्होंने बताया कि वह प्रभादेवी से बोरीवली की यात्रा कर रही थीं, परंतु बांद्रा में अचानक आवश्यक कार्य याद आने के कारण जल्दबाजी में उतर गईं और उनका मोबाइल ट्रेन में ही छूट गया।
इसके पश्चात प्रार्थना सरोज स्वयं अंधेरी पोस्ट पहुंचीं। आवश्यक पहचान सत्यापन के बाद लगभग ₹65,500 मूल्य का आई फोन 15 उन्हें सही-सलामत सौंप दिया गया।
