- 250 से अधिक लोकल ट्रेनें रद्द

● मुंबई
पश्चिम रेलवे के उपनगरीय यात्रियों के लिए यह वीकेंड परेशानी भरा रहने वाला है। कांदिवली–बोरीवली के बीच छठी रेलवे लाइन के निर्माण कार्य के कारण 10 और 11 जनवरी की रात प्रस्तावित नाइट ब्लॉक से 250 से अधिक लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित होंगी। इस दौरान कई लोकल रद्द की गई हैं, वहीं कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के समय व मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है।
पश्चिम रेलवे के अनुसार यह नाइट ब्लॉक 20 दिसंबर 2025 से 18 जनवरी 2026 तक चरणबद्ध रूप से लागू है। अब तक बड़ी संख्या में लोकल सेवाएं रद्द होने से ट्रेनों में भीड़ बढ़ चुकी है और वीकेंड पर यात्रियों की संख्या अधिक होने से स्थिति और चुनौतीपूर्ण रहने की संभावना है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रविवार देर रात कांदिवली–मालाड सेक्शन में बड़ा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान डाउन फास्ट लाइन प्रभावित रहेगी, जबकि अप और डाउन फास्ट लाइनों पर रात 1 बजे से सुबह 6.30 बजे तक ब्लॉक रहेगा। अप स्लो लाइन पर भी सुबह 4 बजे तक यातायात बाधित रहेगा। इसी वजह से 10 जनवरी को 101 और 11 जनवरी को 153 लोकल सेवाएं रद्द की जाएंगी।
नाइट ब्लॉक का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ेगा। 10 जनवरी को नंदुरबार–बोरीवली और अहमदाबाद–बोरीवली एक्सप्रेस को वसई रोड तक आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जबकि अहमदाबाद–दादर और वेरावल–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया है। 11 जनवरी को बोरीवली–अहमदाबाद और बोरीवली–नंदुरबार एक्सप्रेस वसई रोड से रवाना होंगी, वहीं मुंबई सेंट्रल–अहमदाबाद और बांद्रा टर्मिनस–गोरखपुर एक्सप्रेस संशोधित समय पर संचालित होंगी।
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अद्यतन समय-सारिणी और रद्द सेवाओं की जानकारी अवश्य जांच लें। वीकेंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है, क्योंकि नाइट ब्लॉक के चलते सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने वाला है।
