
● मुंबई
मुंबई महानगरपालिका चुनाव के दौरान मतदान को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में एक अनूठी पहल सामने आई है। मतदान करने वाले नागरिकों को ‘आहार’ संगठन से जुड़े होटल और रेस्टॉरेंट्स में विशेष छूट दी जाएगी। मतदान के दिन सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे और उसी दिन इस प्रोत्साहन का लाभ भी उठा पाएंगे।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के 2025–26 के आम चुनावों को देखते हुए मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘स्वीप’ अभियान पूरे जोश के साथ चलाया जा रहा है। इस अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र के प्रमुख आतिथ्य संगठन ‘आहार’ (इंडियन होटल एंड रेस्टॉरेंट एसोसिएशन) ने भी लोकतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाते हुए सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई है।
महानगरपालिका आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भूषण गगराणी के नेतृत्व में, तथा अतिरिक्त आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी के मार्गदर्शन में स्वीप अभियान को गति दी जा रही है। सह आयुक्त विश्वास शंकरवार और सहायक आयुक्त डॉ. गजानन बेल्लाले के निर्देशन में पथनाट्य, प्रभात फेरियां, स्कूल–कॉलेज संपर्क अभियान और सोशल मीडिया के माध्यम से मतदान का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।
इसके साथ ही आरटीओ और फ्लैशमॉब जैसी रचनात्मक गतिविधियों के जरिए मतदाताओं में उत्साह जगाया जा रहा है। महाराष्ट्र के 8,000 से अधिक होटल और रेस्टॉरेंट्स का प्रतिनिधित्व करने वाला ‘आहार’ संगठन इस मुहिम में महत्वपूर्ण सहयोगी बनकर उभरा है।
इस पूरे अभियान का मूल उद्देश्य यही है कि हर नागरिक ‘मैं एक जिम्मेदार मतदाता हूं’ की भावना के साथ आगे आए। प्रशासन, सरकारी तंत्र और सामाजिक संगठन मिलकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने और लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं।
