
● मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के चुनाव के तहत गुरुवार, 15 जनवरी को मुंबई में मतदान होगा। चुनाव से पहले मतदाताओं को मतदान से जुड़ी जानकारी समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के लगभग 85 लाख मतदाताओं तक मतदाता सूचना पर्चियों का वितरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है, जबकि शेष करीब 15 लाख मतदाताओं के लिए ये पर्चियां सीधे मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगी। यह जानकारी मनपा प्रशासन ने दी है।
मतदाता सूचना पर्चियों के वितरण में महानगरपालिका के घन कचरा प्रबंधन विभाग ने अहम जिम्मेदारी निभाई। मतदाताओं का नाम, पता, मतदाता सूची का भाग क्रमांक, मतदान केंद्र का नाम और कक्ष क्रमांक जैसी जरूरी जानकारियों से युक्त पर्चियां प्रत्येक पात्र मतदाता तक सही समय पर पहुंचाई गईं। संबंधित प्रशासनिक वार्डों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने घर-घर जाकर यह कार्य पूरा किया।
अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त डॉ. अश्विनी जोशी ने मुंबईकर मतदाताओं से 15 जनवरी को अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, महाराष्ट्र के निर्देशों के अनुसार मतदाताओं को मतदान केंद्र से संबंधित स्पष्ट और सुलभ जानकारी उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसी उद्देश्य से मतदाता सूचना पर्चियों का वितरण किया गया है।
घन कचरा प्रबंधन विभाग के उप आयुक्त किरण दिघावकर के अनुसार मतदान प्रक्रिया को सरल बनाने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से यह वितरण अभियान मतदान से कुछ दिन पहले ही पूरा कर लिया गया। इस कार्य में कुल 6,701 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी, जिनमें 5,138 पालिका कर्मचारी, 945 स्वयंसेवी संस्था प्रतिनिधि, 100 आशा कार्यकर्ता और 518 बूथ स्तरीय अधिकारी शामिल रहे।
चुनाव के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुंबई के 10,231 मतदान केंद्रों पर मतदान से पहले और मतदान के दिन व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मतदाताओं और चुनाव कर्मियों की सुविधा के लिए चार हजार से अधिक शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें पोर्टेबल और मोबाइल यूनिट्स शामिल हैं। इसके अलावा 14 और 15 जनवरी 2026 को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और सभी मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
